पदमा, हजारीबाग : सांसद खेल महोत्सव के तहत पदमा प्रखंड के सरैया खेल मैदान में नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का बुधवार को शुभारंभ हुआ. विधायक मनोज यादव ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. इस दौरान अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों ने स्वयं नशा नहीं करने और समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया.
युवाओं को खेल से जोड़ने पर जोर
विधायक मनोज यादव ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन से जोड़ने की अच्छी पहल है. ऐसे आयोजन युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में प्रभावी साबित होंगे. उन्होंने युवाओं से खेल के मैदान से जुड़कर प्रतिभा निखारने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
55 टीमें लेंगी हिस्सा
आयोजन समिति के प्रशांत सिंह, निशांत सिंह और मनोज गुप्ता समेत अन्य सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता में पदमा प्रखंड की कुल 55 टीमें हिस्सा ले रही हैं. सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जायेंगे.
मौके पर सांसद प्रतिनिधि अजय मेहता, प्रमुख वीणा देवी, जिला परिषद सदस्य बसंत नारायण मेहता, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मेहता, सरैया मुखिया शांति देवी समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
