हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट
Hazaribagh News: महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ हजारीबाग की ओर से स्टेशन क्लब में शनिवार को 'स्टेटस ऑफ वूमेन केयर एंड डिग्निटी' विषय पर मेंटोरशिप कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्लब की सदस्याओं को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करना था. इसमें इनर व्हील क्लब ऑफ हजारीबाग के अलावा इनर व्हील क्लब ऑफ युवा और इनर व्हील क्लब ऑफ सिंदूर की सदस्याओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया.
आर्थिक रूप से कमजोर नई माताओं की मदद
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं इनर व्हील क्लब गिरिडीह की पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (पीडीसी) एवं 'स्टेटस ऑफ वूमेन केयर एंड डिग्निटी' गोल की मेंटोर श्रीमती पूनम प्रसाद ने महिलाओं के स्वास्थ्य और मातृत्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि समाज में आर्थिक रूप से कमजोर नई माताओं को विशेष सहयोग की आवश्यकता होती है. ऐसे परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए क्लब की सदस्याएं आगे आएं और आवश्यक सामग्री से युक्त 'मातृत्व किट' तैयार कर जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध कराएं.
मातृत्व किट का किया प्रदर्शन
श्रीमती पूनम प्रसाद अपने साथ एक तैयार मातृत्व किट भी लेकर पहुंचीं. उन्होंने सदस्याओं को किट में शामिल आवश्यक सामग्रियों की जानकारी दी और बताया कि यह किट नवजात शिशु और मां दोनों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है. उन्होंने कहा कि इस तरह की छोटी-छोटी पहल समाज में बड़ा बदलाव ला सकती हैं और जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान ला सकती हैं.
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा. इस अवसर पर श्रीमती पूनम प्रसाद ने सभी सदस्याओं के बीच इको-फ्रेंडली बैग वितरित किए और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम सभी की है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद के पाथरडीह में बेल्ट से बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, तीन युवक लापता
बड़ी संख्या में सदस्याएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में अपने प्रेरणादायक विचारों से श्रीमती पूनम प्रसाद ने सभी सदस्याओं को सामाजिक सेवा और महिला कल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में इनर व्हील क्लब ऑफ हजारीबाग की अध्यक्ष भारती सहाय, रीता बग्गा, प्रियंका भारती, सीमा पांडे, अंजू त्रिवेदी सहित सभी सदस्याओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही. वहीं, इनर व्हील क्लब सिंदूर की अध्यक्ष कविता सिन्हा, सचिव प्रीति सिंह तथा इनर व्हील क्लब युवा की सदस्याएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं. सभी ने भविष्य में महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जुड़े सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें: चतरा के हंटरगंज में दो लाख की सुपारी देकर दिव्या की कराई गई हत्या, मामले में एक गिरफ्तार
