दारू: हजारीबाग के दारू थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को छापामारी अभियान चलाया. थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इरगा गांव में कार्रवाई करते हुए महुआ शराब बनाने के लिए तैयार किया गया जावा बरामद कर नष्ट किया.
पुलिस ने इरगा गांव में कारू साव और परमेश्वर साव के घर से महुआ का जावा बरामद किया. बरामद जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही.
ग्रामीणों को नशे के खिलाफ किया जागरूक
छापामारी अभियान के साथ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने ग्रामीणों के बीच मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया. उन्होंने लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन और इसकी बिक्री से होने वाले नुकसान की जानकारी दी.
थाना प्रभारी ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है. इससे व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. उन्होंने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और अवैध शराब व मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
