हजारीबाग: ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के सहयोग से सोमवार को अन्नदा कॉलेज के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उच्च रक्तचाप के कारणों, जोखिमों, बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था.
मुख्य वक्ता डॉ कृष्ण कुमार एमबीबीएस, एमएस (सर्जरी), डीटी एंड एच (मेडिसिन), एमडी (पैथॉलजी), चिकित्सक एवं जनरल सर्जन ने उच्च रक्तचाप से संबंधित जानकारी साझा किये. उन्होंने बताया कि हाइपरटेंशन एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है. जिसे समय पर पहचान और उचित जीवनशैली अपनाकर नियंत्रित किया जा सकता है.
उन्होंने नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराने, नमक का सेवन कम करने, नियमित व्यायाम करने, तनाव को नियंत्रित रखने तथा धूम्रपान से बचने पर विशेष जोर दिया. डॉ कृष्ण कुमार ने विद्यार्थियों को समझाया कि कई बार उच्च रक्तचाप के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च रक्तचाप से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे. जिनका चिकित्सकों ने सरल तरीके से उत्तर दिया. मंच संचालन डॉ हिरण्मय कोटल ने किया. कॉलेज के प्राचार्य डॉ नीलमणि मुखर्जी ने कहा कि युवाओं के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना आज जरूरी हो गया है. इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता हैं. धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रेरणा शर्मा ने किया.
