Hazaribagh Crime News, हजारीबाग, (संजय सागर): हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोखुर्द गांव में गुरुवार की देर रात भीखन साव के 30 वर्षीय पुत्र रोहित साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी. रोहित साव कोयले का कारोबार करता था. वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है.
स्कॉर्पियो से गांव पहुचे थे अपराधी
ग्रामीणों ने बताया कि अपराधी स्कॉर्पियो वाहन (जेएच 01 डीजी 7798) से गांव पहुंचे थे. युवक की हत्या करने के बाद स्कॉर्पियो से भागने के दौरान वाहन की चपेट में आने से गांव के बेनी साव के 30 वर्षीय पुत्र प्रदीप साव की भी मौत हो गयी. वहीं, मृतक की पत्नी समेत दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज जारी है.
Also Read: रांची में डिप्टी मेयर चुनाव के लिए बिछी बिसात, पार्षदों में शुरू हुआ शह-मात का खेल
अवैध कोयला कारोबार से जुड़ा हो सकता है मामला
घटना को अवैध कोयला कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, यह मामला नापो गांव के बरवानिया में नये कोल हार्ड कूप फैक्ट्री बनाये जाने को लेकर चल रहे विवाद से भी जुड़ा हो सकता है. घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गयी है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है.
वर्चस्व की लड़ाई को दिया गया घटना को अंजाम
सूत्रों की मानें तो पिछले दो महीने से बड़कागांव थाना क्षेत्र में अवैध कोयले का कारोबार तेजी से चल रहा था. इसी कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर घटना को अंजाम दिये जाने की आशंका जतायी जा रही है. ग्रामीणों के बीच इस बात की भी चर्चा है कि घटना के दौरान अपराधियों द्वारा एक ट्रैक्टर और एक स्कॉर्पियो वाहन को आग के हवाले कर दिया गया.
स्कॉर्पियो की चपेट में आने से छह घायल
रोहित साव की हत्या के बाद भागने के क्रम में स्कॉर्पियो की चपेट में आने से कुल छह लोग घायल हो गये. घायलों में से दो लोगों को सदर अस्पताल, दो को आरोग्य अस्पताल और दो को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है. घटनास्थल पर पहुंची बड़कागांव पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस इस घटना को अवैध कोयला कारोबार से जोड़कर देख रही है, हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है. नापोखुर्द गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग खुलकर कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं.
Also Read: बगैर बड़े कोचिंग के भी रचा इतिहास, दुमका की बेटी सुदीपा दत्ता बनेंगी IAS, हासिल की 41वीं रैंक
