हजारीबाग: प्रभात खबर में मुख्यमंत्री दाल-भात योजना की बदहाल स्थिति उजागर होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया. 25 जुलाई के अंक मे प्रमुखता से मुख्यमंत्री दाल भात योजना को लेकर प्रभात खबर 20 केंद्रों की जमीनी हकीकत छापा था. इस पड़ताल मे मुख्यमंत्री दाल भात योजना की जमीनी हकीकत की पोल खोल दिया.
खबर छपने के बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव ने शुक्रवार को शहर के छह दाल-भात केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. जांच में अधिकांश केंद्रों पर गंदगी, अव्यवस्था, सूचना पट्ट का अभाव और भोजन करने वालों की बेहद कम संख्या मिली.
निरीक्षण के बाद डीएसओ ने सभी केंद्र संचालकों को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया. साथ ही जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के दाल-भात केंद्रों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आदेश दिया है.
डीएसओ सुबह करीब 11:30 बजे सबसे पहले पुराना बस स्टैंड स्थित केंद्र पहुंचे, जहां निरीक्षण के दौरान केवल एक व्यक्ति भोजन करता मिला. केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब थी. इसके बाद नया बस स्टैंड स्थित केंद्र में भी मात्र एक व्यक्ति भोजन करता मिला, जबकि वहां योजना से संबंधित कोई बैनर या सूचना पट्ट नहीं लगा था.
आश्रय गृह स्थित केंद्र में दोपहर 12 बजे तक सिर्फ 10 लोगों ने भोजन किया था और वहां भी सूचना पट्ट नहीं मिला. सदर अस्पताल स्थित केंद्र में बरसात का पानी भर जाने से स्थिति दयनीय थी. भोजनार्थियों का रजिस्टर मांगे जाने पर संचालक ने बताया कि वह पानी में भींग गया है.
मटवारी और कल्लू चौक स्थित केंद्रों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली. किसी भी केंद्र पर 10-12 से अधिक लोग भोजन करते नहीं मिले. डीएसओ ने सभी संचालकों को चार दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर आवंटन रद्द करने की कार्रवाई की जायेगी.
