हजारीबाग: पढ़ने-लिखने आई थीं बेटियां, बनवाया जा रहा था खाना; बरही कस्तूरबा स्कूल पर उठे सवाल

हजारीबाग के बरही कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं से खाना बनवाने का मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग ने वार्डन से स्पष्टीकरण मांगा है।

हजारीबाग. बरही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं से खाना बनवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू की है. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी नीलम ने विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका रोशनी बाड़ा से स्पष्टीकरण मांगा था. इस संबंध में पत्रांक 1331, दिनांक 25 अगस्त 2026 को नोटिस जारी किया गया.

30 मई की दिशा बैठक में उठा था मामला

छात्राओं से खाना बनवाने का मामला बीते 30 मई को आयोजित दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाया था. बैठक में सवाल उठने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित विद्यालय से जवाब मांगा. वहीं, पत्र की प्रतिलिपि प्रभारी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी राकेश कुमार को भेजकर मामले की जांच कर प्रतिवेदन भी मांगा गया.

आवासीय विद्यालयों में विभाग करता है भोजन की व्यवस्था

जिले में कुल 10 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं, जिनमें बरही प्रखंड का विद्यालय भी शामिल है. इन विद्यालयों में छात्राओं के रहने, पढ़ाई और भोजन की व्यवस्था शिक्षा विभाग की ओर से की जाती है. भोजन तैयार करने समेत अन्य कार्यों के लिए मानदेय पर कर्मियों की व्यवस्था की गयी है. इस पूरी व्यवस्था पर सरकार की ओर से प्रतिवर्ष लाखों रुपये खर्च किये जाते हैं.

इसके बावजूद बरही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं से खाना बनवाने की बात सामने आने पर सवाल उठे. जनप्रतिनिधियों द्वारा दिशा की बैठक में मामला उठाये जाने के बाद विभागीय स्तर पर इसकी जांच और जवाब-तलब की प्रक्रिया शुरू की गयी.

डीईओ ने कहा- जवाब संतोषजनक, जिम्मेदारी निभाने का निर्देश

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बताया कि वार्डन की ओर से स्पष्टीकरण का जवाब दिया गया है. उनका जवाब संतोषजनक पाया गया है. वार्डन को भविष्य में अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >