पदमा. डीजे और गाड़ी की बैटरी चोरी के एक अभियुक्त को पदमा पुलिस ने चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार विनय कुमार मेहता (पिता धनेश्वर प्रसाद मेहता), ग्राम दोनयकला का रहनेवाला है. छापामारी के दौरान चोरी में शामिल मुख्य आरोपी शंकर मेहता (ग्राम नावाडीह) निवासी फरार हो गया. ओपी प्रभारी संचित कुमार ने बताया कि उक्त दोनों सहित दो अन्य ने 10 जून की रात दोनयकला निवासी अजय मेहता की डीजे मशीन और गाड़ी की बैटरी चोरी कर ली थी. इस संबंध में अजय मेहता के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था. फरार मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
यूथ विंग का योग शिविर 21 को
हजारीबाग. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारीबाग यूथ विंग की ओर से 21 जून को सुबह छह बजे मालवीय मार्ग स्थित अग्रसेन भवन सभागार में योग शिविर का आयोजन किया जायेगा. शिविर में योग शिक्षिका वर्षा डे अपनी टीम के साथ योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करायेंगी. प्रतिभागियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी जायेगी. संस्था ने बताया कि शिविर में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जायेगा.
