गुमला. जिले में मैट्रिक व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का शुभारंभ शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से हुआ. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित और सहज वातावरण मिले, ताकि वे बिना किसी दबाव के परीक्षा दे सकें. आज वोकेशनल विषय की परीक्षा आयोजित की गयी, जिसमें प्रथम पाली में मैट्रिक व द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा संपन्न हुई. जिले के 57 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया. मैट्रिक परीक्षा में कुल 719 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 712 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 07 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाये गये. इंटरमीडिएट कला संकाय में 830 परीक्षार्थियों में से 821 उपस्थित रहे और 09 अनुपस्थित रहे. इंटरमीडिएट वाणिज्य संकाय में कुल 46 परीक्षार्थी थे. सभी 46 परीक्षा में शामिल हुए. वहीं इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय में 94 परीक्षार्थियों में से 93 उपस्थित रहे तथा 01 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाया गया. परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु रही और कहीं से भी किसी तरह की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली. उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज द्वारा कई विद्यालयों का निरीक्षण किया गया. परीक्षा संचालन पर लगातार नजर रखी गयी.
शांतिपूर्ण माहौल में हुई पहले दिन की परीक्षा
जिले में मैट्रिक व इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा शुरू
