गुमला: संत इग्नासियुस हाईस्कूल गुमला में स्कूल के संरक्षक संत इग्नासियुस लोयोला पर्व दिवस अंतर्गत नौ दिवसीय नोविना प्रार्थना 21 जुलाई से शुरू होगा. संत इग्नासियुस में हर वर्ष स्कूल के संरक्षक संत इग्नासियुस लोयोला का पर्व दिवस विविध आयोजनों के बीच हर्षोल्लास से मनाया जाता रहा है. इस वर्ष आयोजनों का शुभारंभ गत 13 जुलाई को हुआ है.
पहले दिन सह पाठ्यक्रम गतिविधि कार्यक्रम अंतर्गत हाईस्कूल व प्लस टू के विद्यार्थियों के बीच हिंदी भाषण प्रतियोगिता, 15 जुलाई को निबंध लेखन प्रतियोगिता व वाद-विवाद जैसी प्रतियेागिता हुई. इधर, 21 जुलाई से आगामी नौ दिनों तक चलने वाले नोविना प्रार्थना में असेंबली के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर प्रार्थना की जायेगी. 21 को संत इग्नासियुस की आध्यात्मिकता, 22 को सभी वस्तुओं में ईश्वर को देखना, 23 को सूझबूझ, 24 को अपने कर्त्तव्य के प्रति जुनून, 25 को गरीबों और शोषितों के साथ चलना, 27 को विश्व में शांति एवं एकता, 28 को पृथ्वी और पर्यावरण में प्रेम, 29 को आत्म पहचान तथा 30 जुलाई को ईश्वर की अधिक महिमा के लिए प्रयासरत थीम पर प्रार्थना की जायेगी.
इस बीच 24 जुलाई को देशभक्ति थीम पर समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी और 27 जुलाई को मधुशाला विषय पर नाटक का मंचन किया जायेगा. फुटबॉल प्रतियोगिता भी करायी जा रही है. इसके पश्चात 31 जुलाई को संत इग्नासियुस लोयोला पर्व दिवस के मौके पर स्कूल में समारोही कार्यक्रमों के बीच दिवस का समापन होगा.
संत इग्नासियुस लोयोला हम सभी के लिए प्रेरणा प्रधानाध्यापक फादर मनोहर खोया ने कहा कि संत इग्नासियुस लोयोला एक महान संत थे. उनका जीवन प्रेरणा से भरा हुआ है. संत बनने से पहले वे एक महान योद्धा थे. लेकिन बाद में वे योद्धा से एक संत बन गये. वे हम सबों के प्रेरणा हैं. उनके सम्मान में हर वर्ष स्कूल में मनाये जाने वाले दिवस का उद्देश्य उन्हें याद करने और विद्यार्थियों को परिवार, समाज व देश के लिए निष्ठावान बनाना है.
