जेजेएमपी उग्रवादियों को मारने वाले पुलिस कर्मी हुए सम्मानित

एसपी हरिश बिन जमां ने अपराध समीक्षा बैठक कर दिये दिशा-निर्देश

गुमला. एसपी हरिश बिन जमां ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के हार्डकोर उग्रवादियों को मारने वाले पुलिस कर्मियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. साथ ही सभी थानों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में जितने भी उग्रवादी व अपराधी हैं. उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजें. गुमला में जो बचे-खुचे उग्रवादी हैं, उनसे सरेंडर करने के लिए कहा गया है. एसपी ने गुरुवार को अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में सर्वप्रथम दीपावली व छठ पूजा को लेकर चर्चा की गयी. उक्त अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम, पूजा पंडाल, विसर्जन, मेला, यातायात व्यवस्था, छठ घाटों में सीसीटीवी की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी व गोताखोरों की व्यवस्था आदि से संबंधित सुरक्षा व विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. एसपी ने कहा कि हत्या, दुष्कर्म, पोक्सो, एससी एसटी, लूट, डकैती, गृहभेदन, अपहरण पर रोक लगायें. मादक पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने, अवैध उत्खनन, बालू, चिप्स तस्करों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा. सूचना अधिकार अधिनियम, जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत प्राप्त लंबित आवेदन पत्रों का त्वरित निष्पादन करने के लिए कहा गया. डायन प्रथा, मानव तस्करी, पलायन व महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए आमजनों के बीच जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया. वहीं सभी थाना प्रभारियों को लंबित वारंट, कुर्की, गैर तामिला वारंट, लाल वारंट व न्यायालय द्वारा निर्गत स्थायी वारंट का निष्पादन करने की समीक्षा की गयी. साथ ही थाना में आने वाले आमजनों के साथ मधुर व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करने व समाधान नहीं होने पर अविलंब प्राथमिकी दर्ज करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये गये. बैठक के बाद 26 जुलाई को घाघरा थाना के लवादाग के जंगली क्षेत्रों में हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में जेजेएमपी व पांच अगस्त को कामडारा के कोनसा, लतरा, जेराटोली, चंगाबारी के जंगली क्षेत्रों में हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में पीएलएफआइ नक्सलियों को मार गिराने तथा विभिन्न आग्नेयास्त्र, भारी मात्रा में गोली समेत अन्य सामग्री बरामदगी में सक्रिय भूमिका निभाने वाले गुमला जिले बल के पुलिस पदाधिकारी, कर्मियों को महानिदेशक व पुलिस महानिरीक्षक झारखंड रांची द्वारा प्रदान किया गया प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >