गुमला के बिशुनपुर में विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर हत्या, बच्चा चोरी का था शक

Mob Lynching Case: गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लापू गांव में बच्चा चोर की अफवाह में ग्रामीणों ने एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है. पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Mob Lynching Case: झारखंड में गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लापू गांव के गोरियाटांड़ में रविवार रात लगभग 10 बजे बच्चा चोर की अफवाह में एक अज्ञात विक्षिप्त महिला की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना तेतरा उरांव के घर के समीप की बताई जा रही है.

इलाके में पहले से फैली थी बच्चा चोरी की अफवाह

मिली जानकारी के अनुसार, विक्षिप्त महिला दो दिन पहले लबगा गांव में भी विक्षिप्तावस्था में घूमते हुए देखी गई थी. रविवार रात वह लापू गांव के जंगल से सटे गोरियाटांड़ टोला पहुंच गई और एक घर के पास केले की झाड़ी में छिपकर बैठी थी. इसी दौरान क्षेत्र में बच्चा चोर आने की अफवाह फैली हुई थी. महिला को संदिग्ध स्थिति में देख ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया.

विक्षिप्त महिला की लाठी-डंडों से पिटाई

बताया जाता है कि गोरियाटांड़ टोला में महज चार घर हैं और यह टोला लापू गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल से सटा हुआ है. महिला के दिखने पर ग्रामीणों में भय और अफवाह फैल गई. सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और महिला की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने कब्जे में लिया शव

घटना की सूचना मिलने पर बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सोमवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.

दोषियों पर कार्रवाई करेगी पुलिस

थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने बताया कि बच्चा चोर की अफवाह में महिला की पिटाई कर हत्या कर दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बोकारो सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था टाइट

अफवाहों पर ध्यान न दें लोग: पुलिस

थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें. वहीं, मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से महिला की तस्वीर साझा कर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है.

इसे भी पढ़ें: चक्रधरपुर में बच्चा चोरी के शक में वृद्ध महिला की पिटाई, हालत गंभीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >