गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla Crime News: झारखंड के गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लापू गोरयाटांड़ गांव में बच्चा चोर की अफवाह के कारण एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैल रही अफवाहों और भीड़ हिंसा की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है. जानकारी के अनुसार, गांव में घूम रही एक अज्ञात महिला को कुछ ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ लिया. इसके बाद लोगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. भीड़ की पिटाई से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
एसपी के निर्देश पर गठित हुआ छापामारी दल
घटना की सूचना मिलते ही गुमला पुलिस हरकत में आ गई. गुमला के एसपी हारिश बिन जमां के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में गठित इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी शुरू की. पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और घटना में शामिल लोगों की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
चार आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
पुलिस ने इस मामले में लापू गोरयाटांड़ गांव के ही चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तेतरा उरांव (45), बिरसाई उरांव (45), शिवलाल उरांव (50) और एतवा उरांव (64) शामिल हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण सबूत
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सबूत भी बरामद किए हैं. पुलिस को मौके से खून लगी मिट्टी, कंट्रोल मिट्टी, खून लगा एक डंडा और एक रस्सी मिला है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सभी साक्ष्यों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. इससे मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और अदालत में साक्ष्य के रूप में भी प्रस्तुत किया जाएगा.
आरोपियों को बचाने के लिए थाना पहुंचे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, तो गांव के कुछ लोग थाना पहुंच गए. ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों को छोड़ने की मांग की और उन्हें जेल भेजने से रोकने का प्रयास किया. हालांकि, पुलिस ने ग्रामीणों के दबाव को स्वीकार नहीं किया और कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रखी.
थाना प्रभारी ने कहा, कानून से ऊपर कोई नहीं
बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. उन्होंने कहा कि एक निर्दोष महिला की हत्या हुई है, इसलिए इस मामले में शामिल सभी लोगों पर कानूनी कार्रवाई होना तय है. उन्होंने कहा कि दोषियों को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी. साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट कैंपस में पहुंची बीडीडीएस की टीम
दूसरे आरोपियों की तलाश में जारी है छापेमारी
पुलिस का कहना है कि इस घटना में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है. इसलिए बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस छापामारी दल में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर मुकेश प्रसाद टुडू, सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, सब इंस्पेक्टर कामू पासवान सहित बिशुनपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द इस मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में हड़कंप, कैंपस खाली
