कामडारा: कामडारा प्रखंड के कोंसा पहाड़ टोली में सोमवार की देर रात दो हाथियों ने चार घरों को क्षतिग्रस्त कर अनाज व सामान नष्ट कर दिया. हमले में प्रेमचंद केरकेट्टा (47) और उनकी पत्नी नीलिमा केरकेट्टा (45) गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि 12 वर्षीय रेशमी केरकेट्टा को आंशिक चोट पहुंची है.
सोमवार की रात करीब 12 बजे हाथियों ने प्रेमचंद के घर पर अचानक धावा बोल दिया, जिससे बाहर निकलने की कोशिश में हाथी ने प्रेमचंद को सूंड से लपेटकर पटक दिया, जिससे उनका पैर टूट गया. वहीं अंदर सो रही नीलिमा दीवार गिरने से दब गयी.
कामडारा सीएचसी के डॉ परेश बेदिया ने नीलीमा के कंधे, कमर व रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया है. हाथियों ने जोहन, पीयूष और नीस्तलन केरकेट्टा के घरों को भी तबाह कर दिया. सूचना पर पहुंचे वनपाल शेखर सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर ग्रामीणों को सुरक्षा उपाय व फॉरेस्ट हेल्पलाइन नंबर दिये.
वन विभाग ने घायलों के इलाज के लिए तत्काल 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि, मुआवजा फॉर्म व टॉर्च प्रदान की. साथ ही स्थानीय मुखिया को टॉर्च और पटाखे बांटे गये. घटना के बाद गांव में दहशत व्याप्त है.
