दुर्जय पासवान
Gumla: गुमला के असनी पंचायत के नदीटोली गांव में सोमवार की दोपहर एक ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. महज 14 साल का खपई उरांव अब इस दुनिया में नहीं रहा. उसकी मौत नदी में डूबने से हो गयी, लेकिन इस हादसे ने सिर्फ एक बच्चे की जान नहीं ली. इसने एक परिवार की हंसी, उम्मीद और सहारा सब कुछ छीन लिया. खपई, सोमा उरांव का बेटा है. चार भाई-बहनों में बीच का था. घर की आर्थिक हालत साधारण है, लेकिन खपई का दिल बहुत बड़ा था. पढ़ाई उसने चौथी कक्षा तक ही की. उसके बाद परिवार की जिम्मेदारियों को समझते हुए वह माता-पिता का हाथ बंटाने लगा.
बेहद शांत और सरल स्वभाव का था खपई उरांव
गांव वाले बताते हैं कि खपई बेहद शांत और सरल स्वभाव का था. हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहने वाला इंसान था. परिजनों के अनुसार, खपई को मिर्गी की बीमारी थी. इसके बावजूद वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने जाया करता था. सोमवार को भी वह घर से निकला. जब काफी देर तक खपई घर नहीं लौटा तो मां की बेचैनी बढ़ने लगी. परिवार के लोग उसे खोजने निकल पड़े. खपई पानी में डूबा हुआ मिला. गांव के लोगों की मदद से उसे तुरंत बाहर निकाला गया और ऑटो के जरिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर असीम मिंज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. खपई की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है. लोग उसके परिवार को ढाढस बंधा रहे हैं.
ये भी पढ़ें…
जर्जर सड़क से रांची में कोकदोरो गांव के लोग परेशान, वर्षों से मरम्मत का इंतजार
धनबाद के सड़क हादसे में दुमका सीआईडी की एसआई की मौत, सरहुल मनाकर लौट रहीं थीं
