सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ैयाहाट के सामने स्थित चहारदीवारी के बाहर कचरा फेंकने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. अस्पताल प्रबंधन लगातार जागरूक रहने के बावजूद भी यह सिलसिला नहीं रुक रहा है. चहारदीवारी के पास कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है, जिसमें गंदे कागज, कार्टून, पॉलिथीन, फटे चिटे बोरे और चूल्हे की राख जैसी सामग्री शामिल है. अंधेरा होने के बाद लोग इन ढेरों पर शौच भी कर देते हैं, जिससे दुर्गंध फैलती है. इससे स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को असुविधा और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम का सामना करना पड़ता है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से कचरा फेंकने वालों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को पत्र प्रेषित किया जाएगा. पहले भी तत्कालीन बीडीओ महेश्वरी यादव ने गंदगी का जायजा लेकर चेतावनी दी थी, जिससे कुछ समय तक सुधार दिखायी दिया. लेकिन बाद में फिर से कचरा फेंकने की घटनाएं शुरू हो गयी. अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि बार-बार की सफाई और चेतावनी के बावजूद अज्ञात लोग कचरा फेंकना बंद नहीं कर रहे हैं. यदि यह समस्या जारी रही, तो पुलिस और प्रशासन के सहयोग से दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पोड़ैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर कचरे ने बढ़ायी परेशानी
चहारदीवारी के बाहर गंदगी से मरीजों और अस्पताल प्रबंधन दोनों परेशान
