ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के रुंजी पंचायत के भिगंडा गांव जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है. बस्ता पहाड़ी के समीप से गुजरने वाली यह सड़क चार टोले को आपस में जोड़ती है, जिसमें भिगंडा तीन टोले में बसा है और कदमा समेत चार टोले में लगभग चार हजार की आबादी प्रतिदिन इस जर्जर सड़क पर आवाजाही करती है. ग्रामीणों का कहना है कि साइकिल या मोटरसाइकिल से गुजरना भी मुश्किल हो गया है. सड़क पर उभरे नुकीले पत्थर और उखड़ी हुई सतह के कारण लोग अक्सर हिचकोले खाते हैं. 15 साल पूर्व बनी यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और ग्रामीण खुद अपनी परेशानी झेलने को मजबूर हैं. यह मार्ग प्रखंड मुख्यालय, अस्पताल और हाट बाजार से जुड़ा है, इसलिए सभी चार गांवों के लोग केवल इसी सड़क पर निर्भर हैं. ग्रामीणों ने बताया कि रात के अंधेरे में दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जाते हैं, फिर भी सड़क निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. सुदूर वर्ती क्षेत्र में बसे गरीब तबके के लोग दैनिक जीवन के लिए इस मार्ग पर निर्भर हैं. ग्रामीणों ने वर्तमान विधायक एवं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य तत्काल कराया जाये, ताकि आवागमन में उन्हें राहत मिल सके.
भिगंडा गांव जाने वाली सड़क जर्जर, चार हजार की आबादी प्रभावित
प्रखंड मुख्यालय, अस्पताल और हाट बाजार से जुड़ी है सड़क
