पोड़ैयाहाट में बारिश बनी आफत,भरभराकर गिरा गरीब का आशियाना

लगातार बारिश ने पोड़ैयाहाट में गरीब का घर गिरा दिया. अनाज और सामान क्षतिग्रस्त. प्रशासन से मदद की गुहार. जानें पूरी खबर.

रवि ठाकुर,पोड़ैयाहाट. लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश अब गरीब परिवारों के आशियाने पर आफत बनकर टूटने लगी है. पोड़ैयाहाट प्रखंड की लता दिकवानी पंचायत अंतर्गत ताराटीकर गांव में गुरुवार की रात बारिश के कारण एक मिट्टी के घर की दीवार भरभराकर गिर गयी. गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद होने के बावजूद किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई.

तेज आवाज सुनकर घर से बाहर भागे परिजन

जानकारी के अनुसार, ताराटीकर निवासी पंकज गिरी का मिट्टी का मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था. गुरुवार रात अचानक घर की एक दीवार भरभराकर गिर गयी. दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य घबराकर घर से बाहर निकल गये, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

हालांकि, दीवार गिरने से घर में रखा अनाज और कई जरूरी सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गये. हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गयी है.

मिट्टी का मकान ही था परिवार का एकमात्र सहारा

पंकज गिरी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं. मिट्टी से बना यह मकान ही उनके परिवार के रहने का एकमात्र सहारा था. घर की दीवार गिरने के बाद परिवार की परेशानी और बढ़ गयी है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

यह भी पढ़ें:

पुरी-पटना एक्सप्रेस का बदला लुक, अब LHB कोच के साथ दौड़ेगी ट्रेन

मुखिया ने प्रशासन को दी जानकारी, आवास व मुआवजे की मांग

घटना की जानकारी स्थानीय मुखिया अमर यादव को दी गयी है. मुखिया ने बताया कि मामले की जानकारी प्रखंड प्रशासन को दी जा रही है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

मुखिया ने अंचल अधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द घटनास्थल का निरीक्षण कराया जाए तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए.

कई कच्चे मकानों पर मंडरा रहा खतरा

लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के कई कच्चे और जर्जर मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे कमजोर मकानों को चिह्नित कर आवश्यक कदम उठाने और जरूरतमंद परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nirabh kishor

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >