Godda Tractor Accident, गोड्डा: गोड्डा-पथरगामा मुख्य मार्ग (NH) पर रॉयल स्पून होटल के समीप सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. सरिया (छड़) लदे एक ट्रैक्टर का अचानक एक्सल टूट जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
एक्सल टूटते ही पलटा ट्रैक्टर, मलबे में दबे तीन लोग
हादसे में घायल प्रकाश बावरी ने बताया कि ट्रैक्टर गोड्डा से छड़ लादकर ललमटिया की ओर जा रहा था. जैसे ही ट्रैक्टर रॉयल स्पून होटल के पास पहुंचा, अचानक उसका एक्सल टूट गया. एक्सल टूटते ही भारी-भरकम छड़ों से लदा ट्रैक्टर सड़क पर ही पलट गया. ट्रैक्टर पर कुल पांच लोग सवार थे. वाहन पलटने से चालक सुनील महतो और निवास बावरी (दोनों निवासी पांडुबथान गांव, गोड्डा) ट्रैक्टर और छड़ों के नीचे बुरी तरह दब गए, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस हादसे में प्रकाश बावरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य लोग सुरक्षित बच गए और घटना के बाद अपने घर चले गए.
ये भी पढ़ें: प्रदूषण की चपेट में ओतगुरु कोल लाको बोदरा की जन्मस्थली, ग्रामीणों ने किया आंदोलन का ऐलान
हाईवे पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और राहगीरों व स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मुफस्सिल थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों शवों को बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया है. घायल प्रकाश बावरी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: कुदरत का कहर या प्रशासनिक लापरवाही? चंदे से बनी पुलिया बही, टापू में तब्दील हुए गिरिडीह के कई गांव
