मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी को लेकर गोड्डा जिला पूरी तरह राममय हो गया है. जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्सव की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं. गोड्डा के बाजारों में अभूतपूर्व चहल-पहल देखी जा रही है, जहां श्रद्धालु पूजा सामग्री और महावीरी झंडों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं. रामनवमी के अवसर पर सनातन धर्मावलंबियों द्वारा घर-घर महावीरी झंडा लगाने और संकटमोचन हनुमान की पूजा करने की परंपरा है. इसी को लेकर गोड्डा बाजार के मुख्य चौक-चौराहों पर महावीरी झंडों की दुकानें सजी हुई हैं. बाजार में 5 से लेकर 1000 रुपये तक के आकर्षक झंडे उपलब्ध हैं. झंडा लगाने के लिए आवश्यक बांस की बिक्री भी जोर-शोर से हो रही है, जहां प्रति पीस 80 से 150 रुपये में बांस उपलब्ध है. गोड्डा के हटिया चौक के समीप चैती दुर्गा मंदिर और सरकंडा में विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी पूरी कर ली गयी है. घरों में व्यक्तिगत पूजा के बाद शहरी क्षेत्रों के विभिन्न अखाड़ों व हनुमान मंदिरों में सामूहिक पूजन होगा. इस दौरान भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु पारंपरिक हथियारों के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे. कई जगहों पर भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है. शहर के सरकंडा चौक, भतडीहा दुर्गा मंदिर, हनुमंत अखाड़ा लोहिया नगर, लहेरी टोला, बोर्ड मध्य विद्यालय के सामने, रामनगर, साकेतपुरी आदि जगहों पर महावीरी झंडा लगाने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना है.
बाजार में चहल-पहल, महावीरी झंडे और पूजा सामग्री की हो रही जोरदार खरीदारी

बाजार में चहल-पहल, महावीरी झंडे और पूजा सामग्री की हो रही जोरदार खरीदारी
Copied link
गोड्डा में रामनवमी को लेकर सज-धज कर तैयार शहर