झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोड्डा के नेतृत्व में प्रखंड विकास कार्यालय सभागार में रविवार को मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर आयोजित हुआ. दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ न्यायिक दंडाधिकारी निरंजन कुमार विश्वकर्मा और जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम गोड्डा ने किया. इस दौरान बीडीओ सह सीओ नितेश कुमार गौतम, पैनल अधिवक्ता दीपिका कुमारी, पीएलवी कुंदन कुमार, रामविलास महतो और वासुदेव मंडल उपस्थित थे. सभी विभागों के स्टॉल लगाये गये, जिनका न्यायाधीशों ने निरीक्षण किया. शिविर में आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से छोटे बच्चों का अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म अदा की गयी. जेएसएलपीएस के स्टॉल पर कृषि और खेती से जुड़ी जानकारी साझा की गयी, स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्य जांच की गयी और आपूर्ति विभाग के स्टॉल पर दो लाभुकों को कढ़ाई, धोती एवं साड़ी प्रदान की गयी. न्यायाधीशों ने कहा कि पीएलवी गांव-गांव जाकर छोटे कांडों का निष्पादन करेंगे और समाज में जागरूकता बढ़ाएंगे. साथ ही प्रधान जिला जज ने परिसंपत्ति वितरण भी किया. शिविर में 1145 लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी और लाभान्वित किया गया.
न्यायिक अधिकारियों ने छोटे बच्चों के अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म में लिया भाग
पथरगामा में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर में लाभुकों को मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी
