गोड्डा जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तहत विभिन्न प्रखंडों में आम लोगों को लाभ पहुंचाने के प्रयास किये गये. गोड्डा सदर प्रखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान न्यायाधीश, फैमिली कोर्ट, अनिल कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया. प्रधान न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों को विधिक सेवा प्राधिकार के महत्व के बारे में जानकारी दी और बताया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का संकलन जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा किया जाता है और संबंधित विभागों तक भेजा जाता है, ताकि लाभुकों को यथाशीघ्र लाभ मिल सके. कार्यक्रम में बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने भी विधिक और विकास संबंधी जानकारी साझा की. इसके अतिरिक्त, बीडीओ दयानंद जायसवाल ने लाभुकों को बकरी पालन सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की.
गोड्डा में विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से लाभुकों को मिली सुविधा
प्रधान न्यायाधीश ने अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं के लाभ सुनिश्चित करने पर दिया जोर
