गोड्डा : लगातार अपराधियों के बुलंद होते मंसूबे पर लगाम नहीं लग पाया है. खास कर ललमटिया मेहरमा एवं बोआरीजोर थाना क्षेत्र में दो माह के दौरान हत्या की चार से पांच घटना हो जाने के बावजूद पुलिस मामले की गुत्थी अब तक सुलझा नहीं पायी है. मंगलवार को समीउल्लाह की हत्या के बाद पुलिस के लिये नयी चुनौती खड़ी हो गयी है. दो माह के दौरान ललमटिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के चीमट लोहार की हत्या पत्थर से कूचकर कर दी गयी थी. चीमट फुटबाॅल देखकर वापस लौट रहा था.
चीमट के शव को तालाब से बरामद किया गया था. आज तक पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है. भोंडाय गांव में पिछले माह धारदार हथियार से भाई ने भाई की हत्या कर दिये जाने की घटना के ठीक एक माह पहले अक्तूबर माह में मेहरमा थाना क्षेत्र के खांदार पहाड़ी से 30 वर्षीय मो जफीर अंसारी की लाश पुलिस बरामद किया था. भगैया के कोडी खुटाना गांव का रहने वाला मो जफीर अपने दोस्त के साथ बिहार के ईशीपुर थाना के मेंहदी तालाब गांव मेला देखने गया था. हत्या के बाद पुलिस लगातार अंधेरे में डंडा पीटती रही मगर हाथ कुछ नहीं आया.
