गिरिडीह. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार खनिज और नियोजन माफियाओं के साथ-साथ विभिन्न सिंडिकेट से घिरी हुई है. उन्होंने कहा कि झारखंड में कोयला, बालू, पत्थर और नियोजन माफिया सक्रिय हैं. पिछले छह-सात वर्षों से विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
रघुवर दास मंगलवार को गिरिडीह परिसदन भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने झारखंड में परीक्षा भर्ती घोटाले और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की.
पेपर लीक और भर्ती घोटाले पर उठाये सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में परीक्षा भर्ती घोटाला हुआ है और लगातार पेपर लीक के मामले सामने आये हैं. इन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि परीक्षा भर्ती घोटाले के आरोपी अभय तिवारी जैसे लोग आखिर करोड़पति कैसे बने.
ये भी पढ़ें: जोवा धारने की रस्म के साथ आठ दिवसीय अनुष्ठान का आगाज, अखड़ों में गूंज रहे कर्मा गीत
उन्होंने कहा कि यह पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है. परीक्षा भर्ती घोटाले और पेपर लीक को किसका संरक्षण मिला, इसकी जांच होनी चाहिए. रघुवर दास ने आरोप लगाया कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की पूरी व्यवस्था नियोजन सिंडिकेट के हवाले कर दी गयी है.
सरकारी सहयोग के बिना संभव नहीं भ्रष्टाचार : रघुवर दास
रघुवर दास ने कहा कि सरकार के सहयोग और सरकारी अधिकारियों की कथित सांठगांठ के बिना नियोजन घोटाला और भ्रष्टाचार का खेल संभव नहीं है. उन्होंने हेमंत सरकार के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाये.
उन्होंने कहा कि परीक्षा भर्ती में कथित धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर विद्यार्थी, अभिभावक और भाजपा लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. यदि राज्य सरकार की इस मामले में कोई संलिप्तता नहीं है, तो उसे परीक्षा भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा, "सांच को आंच नहीं होता है."
"नियोजन माफियाओं के कारण विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय"
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नियोजन माफियाओं के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि आदिवासी और गरीब परिवारों के अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए काफी मेहनत करते हैं. ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को काफी परेशानी होती है.
उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किया गया रोजगार का वादा भी पूरा नहीं हुआ है. हेमंत सरकार ने युवाओं को पांच लाख नौकरी देने या बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था. लेकिन नियोजन के बजाय लगातार परीक्षा भर्ती घोटाले और पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं.
छात्र आंदोलन को लेकर दी चेतावनी
रघुवर दास ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि छात्र आंदोलन से कोई नहीं बचा है. उन्होंने सरकार से परीक्षा भर्ती घोटाले और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह में मोबाइल झपटकर भाग रहा था युवक, ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा
मौके पर भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
