बगोदर,गिरिडीह: बगोदर से हजारीबाग जाने वाली सड़क की स्थिति दिनोंदिन खराब होती जा रही है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. बगोदर से हजारीबाग जाने वाली सड़क के पेयजल एवं स्वच्छता कार्यालय और हरिहर धाम के समीप सड़क पर बड़े-छोटे गड्ढे हो गए हैं. इस कारण आए दिन सड़क दुर्घटना का भय बना रहता है.
व्यस्त सड़क होने से बढ़ी परेशानी
यह काफी व्यस्त सड़क है. एक ओर जहां यह सड़क झारखंड की राजधानी रांची और उप राजधानी दुमका को जोड़ती है, वहीं इस पर प्रतिदिन सैकड़ों बस, ट्रक और छोटी-बड़ी कारों का परिचालन होता है. धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, देवघर और कोलकाता आने-जाने के लिए भी इस सड़क पर प्रतिदिन बसों का परिचालन होता है. बड़ी संख्या में बाइक सवार भी इससे गुजरते हैं. हरिहर धाम के समीप सड़क की जर्जर स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है. बीते दिनों हरिहर धाम रोड के एक छोर पर सड़क किनारे बने गड्ढों को स्थानीय समाजसेवियों ने मिट्टी-मोरम डालकर दुरुस्त किया था. लेकिन दोबारा गड्ढे बन जाने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
सड़क चौड़ीकरण का काम भी अधर में
सड़क का चौड़ीकरण नहीं होने से यह सिंगल रोड बनकर रह गई है. दोनों दिशाओं से बड़े वाहनों के आवागमन और ओवरटेक के दौरान इस सड़क पर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं. हालांकि, बगोदर से हजारीबाग तक पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर सर्वे किया है और सड़क किनारे बने घरों व होटलों का मुआवजा भुगतान भी किया है. लेकिन सड़क चौड़ीकरण का काम अधर में लटकने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
सड़क दुरुस्त कराने की मांग
जेएलकेएम नेता ललिता कुमारी ने कहा कि सड़क जर्जर हो गई है. जगह-जगह बने गड्ढों में जलजमाव से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. इस पर विभागीय पहल होनी चाहिए, ताकि समय पर सड़क का निर्माण हो सके और सड़क दुर्घटनाओं पर विराम लगे.
जिला परिषद सदस्य दुर्गेश कुमार और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की केंद्रीय महासचिव ललिता कुमारी ने बदहाल सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है.
