बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला कपसा मोड़ के पास मिथिलेश यादव की गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस हेसला गांव पहुंची और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गयी है.
बताया जाता है कि मिथिलेश यादव हेसला में वाहनों की वाशिंग का वर्कशॉप चलाता था. घटना देर रात गुरुवार की है. स्थानीय लोगों के मुताबिक मिथिलेश यादव किसी के बुलावे पर घर से निकला था. इसी दौरान कपसा मोड़ के पास घात लगाये बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार कर उसकी हत्या कर दी. घटना की सूचना पर बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, इंस्पेक्टर अजय कुमार, थाना प्रभारी राजेश कुमार पहुंच गये. पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है.
