प्रतिनिधि, डंडई डंडई प्रखंड के लवाही कला गांव स्थित विदेशी बांध टोला में भीषण पेयजल संकट गहरा गया है. टोला का जलमीनार पिछले 20 से 25 दिनों से खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी और घरेलू कार्यों के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. शनिवार को समस्या से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में जलमीनार स्थल पर जुटे और विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि जलापूर्ति बंद रहने के कारण उन्हें भीषण गर्मी में आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों के लिए भी पानी की किल्लत हो गई है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद विभाग और जनप्रतिनिधियों ने अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया. प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि घुरबिगन बैठा ने बताया कि पंचायत में करीब 50 जलमीनार लगाये गये हैं, जिनमें केवल 10 चालू हैं. वहीं, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ शाहनवाज अंसारी ने कहा कि शिकायत की जांच कर एक-दो दिनों में खराब जलमीनार को ठीक कराया जाएगा.
20 दिनों से जलमीनार खराब, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
20 दिनों से जलमीनार खराब, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
