जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची जारी प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा में मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गयी. उपायुक्त ने सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर मैपिंग कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करायें. सूची में संबंधित बीएलओ का नाम और संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि मतदाता आसानी से संपर्क कर सकें. बीएलओ को सत्यापन का निर्देश बीएलओ को अपने क्षेत्र में एबसेंट, शिफ्टेड, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का भौतिक सत्यापन कर अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया है. उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने बताया कि 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 76.65 प्रतिशत तथा 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में 77.65 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है. शेष कार्य को एक सप्ताह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गयी है. इसके तहत सभी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं.
अनमैप्ड मतदाता एक सप्ताह में करायें मैपिंग
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची जारी
