बड़गड़ से घनश्याम सोनी की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के महुआटीकर गांव के 75 वर्षीय वृद्ध पेंशनधारी रतन लकड़ा की मौत के मामले में प्रशासनिक जांच शुरू होते ही इसे दबाने का खेल भी शुरू हो गया है. मंगलवार की रात को झारखंड ग्रामीण बैंक की बड़गड़ शाखा के प्रबंधक कृष्ण कुमार अपने मैसेंजर के साथ चुपके से पीड़िता (मृतक की पुत्रवधू) के घर पहुंच गए.
ग्रामीणों ने किया विरोध
जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों को बैंक प्रबंधक के वहां पहुंचने की भनक लगी, भारी संख्या में लोग मृतक रतन लकड़ा के घर पर जुट गए और उनका विरोध शुरू कर दिया. ग्रामीणों को देखकर मैनेजर और उनका कथित मैसेंजर सकपका गए. इस पूरे घटनाक्रम का वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया. वीडियो में भारी विरोध और ग्रामीणों के तीखे सवालों के बाद मैनेजर अपने मैसेंजर के साथ दबे पांव वहां से बाहर निकलते साफ दिखाई दे रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि जब जिला प्रशासन की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ऐसे में रात के अंधेरे में घर जाना सीधे तौर पर मामले को रफा-दफा करने और गवाहों पर दबाव बनाने का प्रयास है. ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि जब वृद्ध जिंदगी और मौत से जूझ रहा था और परिजन कई महीनों से पेंशन चालू कराने के लिए गुहार लगा रहे थे, तब बैंक प्रबंधक ने मानवीय संवेदना नहीं दिखाई और न ही केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की. अब जब मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज गिरनी तय मानी जा रही है, तो अपनी गर्दन बचाने के लिए मैनेजर पीड़ित परिवार को मैनेज करने पहुंच रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
बीमारी के दौरान समय पर वृद्धावस्था पेंशन की राशि न मिलने के कारण रतन लकड़ा की मौत हो गई थी, जिसके बाद सोमवार को ग्रामीणों ने शव को बैंक के सामने रखकर जोरदार प्रदर्शन किया था. इस मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया 'एक्स' के जरिए गढ़वा उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा को तत्काल जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया था. मुख्यमंत्री के आदेश पर मंगलवार को ही रंका के अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद परवेज और लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) सत्यदेव कुमार बड़गड़ शाखा पहुंचे थे, जहां मृतक के परिजनों ने बैंक कर्मियों पर दुर्व्यवहार और एक अन्य महिला ने मैसेंजर पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रशासनिक जांच के तुरंत बाद रात में हुए इस नए घटनाक्रम और वीडियो सामने आने के बाद अब बैंक प्रबंधन की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं.
ये भी पढ़ें: वृद्धा पेंशन पर बैंक की लापरवाही से बुजुर्ग की मौत; CM हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान, कड़ी कार्रवाई का निर्देश
ये भी पढ़ें: Jharkhand Weather: अगले 4 दिनों तक झारखंड के इन जिलों में भारी बारिश, तेज हवा का येलो अलर्ट
ये भी पढ़ें: हाईवे पर दिनदहाड़े युवतिओं की कार पर हमला, स्कॉर्पियो सवार सनकियों ने पीछा कर तोड़ा शीशा
