गढ़वाः विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गढ़वा में मतदाता सूची की तस्वीर अब आंकड़ों से साफ होने लगी है. 12 सितंबर तक गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर फॉर्म-6 के 14,331, फॉर्म-8 के 8,528 और फॉर्म-7 के 71 आवेदन प्राप्त हुए हैं. आंकड़ों से स्पष्ट है कि नये मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने की मांग भी बड़ी संख्या में सामने आ रही है.
भवनाथपुर में संशोधन के दावे ज्यादा
निर्वाचन विभाग के दैनिक बुलेटिन के अनुसार गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 के 6,873 और फॉर्म-8 के 2,915 आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं, भवनाथपुर में फॉर्म-6 के 6,924 और फॉर्म-8 के 5,111 आवेदन मिले हैं. भवनाथपुर में फॉर्म-8 की संख्या फॉर्म-6 की करीब 74 प्रतिशत है. इससे पता चलता है कि वहां बड़ी संख्या में मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं.
एक दिन में मिले 1,042 आवेदन
11 सितंबर को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,042 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें फॉर्म-6 के 534, फॉर्म-8 के 502 और फॉर्म-7 के छह आवेदन शामिल हैं. भवनाथपुर में एक दिन में फॉर्म-6 के 357 और फॉर्म-8 के 311 आवेदन आए. वहीं, गढ़वा में फॉर्म-6 के 177 और फॉर्म-8 के 191 आवेदन प्राप्त हुए.
ये भी पढ़ें- कांग्रेस जिला सचिव इबरार अंसारी के निधन पर सांसद सुखदेव भगत ने जताया शोक
पलामू से अलग दिख रही गढ़वा की तस्वीर
पलामू की पांच विधानसभा सीटों में 12 सितंबर तक फॉर्म-6 के 39,989 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि गढ़वा की दो विधानसभा सीटों में 14,331 आवेदन मिले हैं. प्रति विधानसभा औसत की बात करें, तो पलामू में करीब 7,998 और गढ़वा में करीब 7,166 फॉर्म-6 आवेदन हैं. वहीं, फॉर्म-8 के मामले में पलामू की पांच सीटों में 11,783 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि गढ़वा की दो सीटों में 8,528 आवेदन मिले हैं. यानी केवल दो विधानसभा सीटों वाला गढ़वा फॉर्म-8 यानी संशोधन के दावों के मामले में पलामू की पांच विधानसभा सीटों के काफी करीब है.
15 सितंबर तक दाखिल होंगे दावे-आपत्ति
एसआईआर के तहत दावा-आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित है. प्राप्त दावों का निबटारा 14 अक्तूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 19 अक्तूबर को प्रकाशित की जाएगी. अंतिम दिनों में आवेदन की संख्या बढ़ने की संभावना है. आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि गढ़वा में एसआईआर की प्रक्रिया केवल नये मतदाताओं के नाम जोड़ने तक सीमित नहीं है. बड़ी संख्या में मतदाता अपनी मौजूदा प्रविष्टियों में भी संशोधन कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- JPSC भर्ती घोटाला: अभय तिवारी को भेजा गया जेल, 25 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ जारी
