मुसाबनी. मुसाबनी प्रखंड की गोहला पंचायत क्षेत्र में बागजाता माइंस की सड़क बदहाल है. इसकी मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में प्रतिदिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. बागजाता माइंस के मेन गेट से डुंगरीडीह तक सड़क काफी जर्जर है. पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश में सड़क जलमग्न हो गया. सड़क के गड्ढों में पानी व कीचड़ जमा हो गया है. इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. इस सड़क से होकर बागजाता, फूलझरी, भादुआ, विक्रमपुर, बाकड़ा, काठसकड़ा, डुंगरीडीह, नीमडीह, सामुदायिक, दोलमाकोचा, बालीडुंगरी, माइनोझारी, राशीडीह, ढोड़ाकुली, लेपो, फोहडीह, मदन टोला समेत करीब एक दर्जन गांवों व टोलों के ग्रामीण प्रतिदिन मुसाबनी आना-जाना करते हैं. इसी बदहाल सड़क से होकर क्षेत्र के विद्यार्थी स्कूल कॉलेज आना-जाना करते हैं. बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने व गर्भवती महिला को प्रसव लिए अस्पताल पहुंचने में जर्जर सड़क के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है. सड़क से होकर बागजाता माइंस से उत्पादित अयस्क का परिवहन होता है. ग्रामीण बागजाता माइंस गेट से डुंगरीडीह तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग कई वर्षों से कर रहे हैं. मांग पूरी नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है. ग्रामीण आंदोलन की तैयारी में हैं. ग्रामीणों ने 24 फरवरी को प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन व 25 फरवरी से आमरण अनशन का निर्णय लिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
