धालभूमगढ़. धालभूमगढ़ में एनएच-18 किनारे स्थित मारुति उद्योग चावल मिल में सोमवार को दिन दहाड़े भुजाली व पिस्तौल के दम पर गार्ड व मैनेजर की पिटाई व बंधक बनाकर 1.30 लाख रुपये लूट लिए गये. दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने कार्यालय की अलमारी, पलंग आदि को तोड़ दिया. मैनेजर व गार्ड की सूचना पर थाना प्रभारी मो.अमीर हमजा पहुंचे. घटना की जांच शुरू की. वहीं, शाम को घाटशिला के एसडीओ सुनील चंद्र और एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर पहुंचे. मिल मालिक राम अवतार अग्रवाल, मैनेजर मुरारी लाल अग्रवाल व गार्ड सुभाष बानरा से पूछताछ की. एसडीपीओ ने कहा कि की जांच जारी है. जल्द अपराधियों का सुराग मिल जायेगा. उन्होंने आश्चर्य जताया कि इतने बड़े मिल में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये गये हैं, अन्यथा अपराधी की पहचान हो जाती.
धान बेचने की बात कहकर अंदर घुसे थे आरोपी
मिल के मैनेजर मुरारी लाल अग्रवाल ने बताया कि दो बाइक पर चार लोग आये थे. गार्ड सुभाष बानरा को धान बेचने की बात कहकर गेट खुलवाया. दो लोग हेलमेट पहने हुए थे. उन्होंने अंदर घुसते ही गार्ड सुभाष बानरा व मेरे (मैनेजर) साथ मारपीट शुरू कर दी. अपराधी भुजाली व पिस्तौल दिखा रहे थे. उनके साथ मारपीट कर कार्यालय के कमरे में बंद कर दिया. दराज में रखे लगभग 1.30 लाख रुपये लूट लिये. अपराधियों ने बगल के कमरे में अलमारी तोड़ दी, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा. अपराधियों ने दोनों के मोबाइल फोन छीन लिये, जो बाद में दूसरे कमरे के एक कार्टन में मिले.
पीछे का गेट खोल कर भागे मैनेजर और गार्ड
घटना के समय मिल में कुछ मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं मिली. अपराधी दूसरे कमरे में अलमारी तोड़ रहे थे. इस दौरान मैनेजर व गार्ड कार्यालय के पीछे का गेट खोलकर भाग गये. बगल के मिल में जाकर घटना की जानकारी दी. थाना प्रभारी अमीर हमजा ने कहा कि दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस अपराधियों का सुराग तलाश रही है. जल्द अपराधी उनके गिरफ्त में होंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
