एक माह से 29 हजार बकाया मजदूरी देने में हो रहा था टाल मटोल, फूटा गुस्सा
मुड़ाकाटी में मजदूरों और मिस्त्री ने पेटीदार को बकाया का भुगतान को लेकर खंभा में रस्सी से बांधा
29 हजार की मजदूरी का भुगतान काम करने के एक माह बाद भी नहीं होने पर भड़के मजदूर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के दामपाड़ा क्षेत्र में बिजली का कार्य करा रहे रंजीत चटियाल के अंदर में काम कर रहे मुंशी सह पेटीदार रोबिन सोरेन को मुढ़ाकाटी के मजदूरों ने शनिवार शाम को खंभा में रस्सी से बांध दिया. उक्त मामला बकाया मजदूरी की राशि देने में टाल मटोल करने के कारण भड़का. मजदूरों ने बताया कि मुढ़ाकाठी के विमल हांसदा ने बताया कि एक माह से गांव में मिस्त्री और 30 मजदूरों का 29 हजार रुपया मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है. बकाया मजदूरी की राशि मांगने पर टाल मटोल करते एक माह बीत गया. अभी तक मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि मिस्त्री को प्रतिदिन 350 रुपये कह कर काम पर रखा गया,
लेकिन काम समाप्ति पर प्रतिदिन 200 रुपये देने बात कह रहा है. वहीं मजदूरों को प्रतिदिन 200 रुपये देने की बात कह कर 150 रुपये देने की बात कही जा रही है. उन्होंने बताया कि 30 में 12 मिस्त्री और 28 मजदूरों का एक माह की मजदूरी के रूप में 29 हजार का भुगतान नहीं हुआ है. इधर, रंजीत चटियाल ने कहा कि मजदूरों को फुटिक को भेज रहे हैं, ताकि मजदूरों का हिसाब दें. देर रात तक पेटीदार रोबिन सोरेन को खंभे से बांध कर रखा गया था. समाचार लिखे जाने तक मजदूरी को लेकर चटियाल से मजदूरों की बात चल रही थी. मजदूर और मिस्त्री विमल हांसदा, गुरुदेव हांसदा, जगन्नाथ, विजय, सोनू के अलावा सभी मजदूरों ने कहा कि जब तक मिस्त्री और मजदूर के बकाया का भुगतान नहीं होता है. तब तक रोबिन सोरेन को नहीं छोड़ेंगे. इधर, इस मसले पर अवर प्रमंडल विद्युत प्रमंडल कार्यालय के एसडीओ कपिल रंजन तिग्गा ने दूरभाष पर कहा कि रंजीत चटियाल का घाटशिला प्रखंड में काम नहीं चल रहा है. यहां काम इस्ट इंडिया कंपनी कर रहा है. इस विषय में ज्यादा जानकारी धालभूमगढ़ और चाकुलिया के विद्युत पदाधिकारी ही दे सकते हैं.
