घाटशिला कॉलेज. 57वां स्थापना दिवस, जलाये गये 57 दीये
57 साल के सफर में कॉलेज ने बहुत कुछ खोया व पाया है: प्राचार्य
घाटशिला : घाटशिला महाविद्यालय का शनिवार को 57वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. प्राचार्य डॉ विनोद कुमार की अध्यक्षता में कॉलेज के मुख्य द्वार पर समारोह का अायोजन किया गया. मौके पर डॉ कुमार ने कहा कि घाटशिला कॉलेज ने सफलतापूर्वक 57साल का सफर तय किया है. इन वर्षों में कॉलेज ने कई उपलब्धियां हासिल की. इस विद्यालय के विद्यार्थी आज देश के बड़े- बड़े संस्थानों में कार्यरत हैं. उन्होंने कहा कि 57 साल के सफर में कॉलेज ने बहुत कुछ खोया और बहुत पाया है.
आने वाले माह में इस कॉलेज में नैक की टीम आ रही है. यह कॉलेज के लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने समारोह के दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों से अपील की कि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त करें और कॉलेज की तरक्की की बात सोचें. ताकि कॉलेज का चहुंमुखी विकास हो सके. डॉ कुमार ने विद्यार्थियों से अपील की कि नैक की मान्यता दिलाने में मदद करें. ताकि इस कॉलेज को नैक द्वारा बेहतर ग्रेड प्राप्त हो सके. समारोह में जगदीश भकत ने कहा कि कॉलेज 57 साल का हो चुका है. 57 साल पुराने इस कॉलेज में स्थापना के दिन भव्य समारोह आयोजित करने की जरूरत थी. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कॉलेज तरक्की करे. कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी बेहतर शिक्षा प्राप्त करें, ताकि कॉलेज का नाम हो सके. इस मौके पर 57 दीये जलाये गये. दीयों को कॉलेज के प्राचार्य डॉ बिनोद कुमार, जगदीश भकत समेत कॉलेज के कर्मचारियों ने जलाया. इस अवसर पर कॉलेज स्थापना काल के संस्थापकों स्वतंत्रता सेनानी अतुल कृष्ण बोस, प्रथम प्राचार्य स्वरूपा नंद महाराज, किशोरी लाला, प्रतिमा मुखर्जी, अभय पदो मुखर्जी, शिव प्रसाद शर्मा, कृष्णा चौबे, विधायक श्याम चरण मुर्मू समेत अन्य संस्थापकों को नमन किया गया. मौके पर दशमत मुर्मू, पूर्व छात्र निखिल रंजन मांझी, संदीप परीड़ा, निशित रंजन महतो समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
