घाटशिला स्टेशन परिसर के बाहर दिया धरना
यात्रियों की सुविधा के लिए पुरुलिया तक चलाने की मांग
घाटशिला : घाटशिला स्टेशन के बाहर बुधवार को कांग्रेस युवा मोरचा ने झाड़ग्राम-धनबाद पैसेंजर का परिचालन शुरू करने की मांग पर धरना दिया. वहीं यात्रियों के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इसका नेतृत्व युवा मोरचा के विधान सभा अध्यक्ष अरुप मन्ना ने किया. मौके पर कांग्रेसी नेता तापस चटर्जी ने कहा कि ट्रेन के परिचालन मामले में केंद्र और राज्य सरकार पहल करे. जमशेदपुर व खड़गपुर रूट के यात्रियों को परेशानी हो रही है. धनबाद की जगह पुरुलिया तक उक्त ट्रेन चलायी जा सकती है. उन्होंने कहा कि टाटानगर से चाकुलिया तक बुधवार व गुरुवार को उक्त ट्रेन चलायी जा रही है. इससे सप्ताह में पांच दिन यात्रियों को परेशानी हो रही है.
उक्त ट्रेन प्रति दिन चलाने की मांग की. 2010 के पूर्व घाटशिला स्टेशन का राजस्व प्रतिदिन 40 हजार था. आज घाटशिला स्टेशन से प्रतिदिन एक लाख रुपये का राजस्व टिकट बिक्री से हो रहा है. राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि काल्टू चक्रवर्ती ने कहा कि यात्रियों का हस्ताक्षर रेलवे के वरीय प्रबंधक को भेजा जायेगा.
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष राज किशोर सिंह, अब्दुल गफ्फार, शमशाद खान, शेख फारुख, हीरा सिंह, कन्हैया शर्मा, बबलू नायक समेत अन्य उपस्थित थे.
