East Singhbhum News : सिलेंडर को चूल्हा से जोड़ते समय माचिस जलाने से लगी आग, एक घंटा अफरा-तफरी

आग लगने के बाद भाई-बहन ने पानी डालकर उसे बुझाने का प्रयास किया

चाकुलिया. चाकुलिया नगर पंचायत के नामोपाड़ा मोहल्ले में मंगलवार की शाम रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना में घर में मौजूद 60 वर्षीय जगन्नाथ बेरा और उनकी 70 वर्षीय बहन बीना बेरा बाल-बाल बच गये. सूचना मिलते ही चाकुलिया पुलिस पहुंच गयी और स्थिति का जायजा लिया. जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ बेरा को मंगलवार को नया गैस सिलेंडर मिला था. शाम के समय वे सिलेंडर को चूल्हे से जोड़ रहे थे. इसी दौरान उनकी बहन बीना बेरा ने पास में माचिस जला दी, जिससे रिसाव हो रही गैस ने तुरंत आग पकड़ ली. देखते ही देखते सिलेंडर से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गयी. आग लगने के बाद भाई-बहन ने पानी डालकर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गये और आनन-फानन में दोनों वृद्धों को सुरक्षित घर से बाहर निकाला. लगभग एक घंटा तक सिलेंडर से आग की लपटें निकलती रहीं. अंततः जब सिलेंडर की गैस पूरी तरह खत्म हो गयी, तब आग अपने आप शांत हुई.

बड़ा हादसा टला, लोगों ने ली राहत की सांस

गनीमत रही कि सिलेंडर फटा नहीं, अन्यथा घनी आबादी वाले नामोपाड़ा में बड़ा हादसा हो सकता था. जगन्नाथ बेरा अपनी बुजुर्ग बहन के साथ अकेले इस घर में रहते हैं. स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों की जान बच गयी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा संबंधी सावधानी बरतने की सलाह दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >