घाटशिला. आर्थिक तंगी अब ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्रों के सपनों में बाधा नहीं बनेगी. दाहीगोड़ा स्थित एसकेएम पब्लिक स्कूल परिसर में मंगलवार को एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. वृक्ष बी द चेंज (मानपुर, गया) और एसकेएम पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में घोषणा की गयी कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आइआइटी-जेइइ और नीट की तैयारी के लिए जल्द ही एक निःशुल्क ऑनलाइन स्टडी सेंटर शुरू किया जाएगा.
इंटर कॉलेज में निःशुल्क नामांकन की सुविधा:
कार्यक्रम में मौजूद मुरली पारामेडिकल एवं इंटर कॉलेज के ट्रस्टी पीके मुरली ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने मेधावी और जरूरतमंद छात्रों के लिए मुरली इंटर कॉलेज में सीमित समय के लिए निःशुल्क नामांकन की व्यवस्था करने की भी घोषणा की. कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विशेषज्ञों से सवाल पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान किया. इसके बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथियों और प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में चंद्रकांत पाटेश्वरी, रंजीत कुमार, पीके मुरली, को-ऑर्डिनेटर पीतांबर सोरेन, नमिता बेरा और मुकेश गिरी शामिल थे. इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे.
पटवाटोली के मॉडल से बदलेंगे घाटशिला के हालात
गया के प्रसिद्ध ‘इंजीनियरों के गांव’ पटवाटोली से आए प्रतिनिधियों ने छात्रों को मार्गदर्शन दिया. संस्थान के चंद्रकांत पाटेश्वरी ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष 2013 से जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रही है. उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए पैसा नहीं, बल्कि धैर्य और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है. ग्रामीण क्षेत्रों के कई बच्चे फीस न भर पाने के कारण पीछे रह जाते हैं, जिन्हें अब हम ऑनलाइन माध्यम से जोड़ेंगे. उन्होंने जानकारी दी कि तैयारी के साथ-साथ छात्रों का हर रविवार नियमित टेस्ट भी लिया जाएगा.
घर बैठे मिलेगी नेशनल लेवल की कोचिंग
एसकेएम के निदेशक विवेकानंद उपाध्याय एवं प्रधानाध्यापक बिपिन कुमार सिंह ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि घाटशिला में इस सेंटर के खुलने से स्थानीय छात्रों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं होगी और वे घर बैठे विशेषज्ञों से शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.