मऊभंडार में आइसीसी वर्कर्स यूनियन ने की गेट मीटिंग, बोले सिंहदेव
घाटशिला : मऊभंडार आइसीसी कारखाना के मुख्य द्वार पर मंगलवार की शाम आइसीसी वर्कर्स यूनियन की गेट मीटिंग की गयी. सभा की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष बीरेंद्र नारायण सिंहदेव की अध्यक्षता में की गयी. गेट मीटिंग में श्री सिंहदेव ने कहा कि मजदूरों की चार मांगों पर पिछले दिनों एनजेसीसी की बैठक में कोई निर्णय नहीं होने से पांचों यूनियनों ने मिल कर 26 और 27 जून को दो दिवसीय हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी. हड़ताल से कंपनी पर पड़ने वाले प्रभाव के मद्देनजर सीएमडी ने यूनियनों से बात की. यूनियनों से कहा कि जुलाई में मजदूरों के एरियर को लेकर कोलकाता मुख्यालय में यूनियनों के साथ बैठक होगी.
बैठक में एरियर पर आवश्यक निर्णय लिया जायेगा. सीएमडी ने यूनियनों को पत्र भेज कर दो दिवसीय हड़ताल वापस लेने की मांग की है. इसलिए यूनियनों ने 26 और 27 जून की दो दिवसीय हड़ताल को वापस ले लिया है. उन्होंने कहा कि कंपनी मुनाफे में है. 120 करोड़ रुपये से रिफाइनरी समेत अन्य चीजों पर खर्च किया जा रहा है. गेट मीटिंग में सहायक सचिव जयंत उपाध्याय, एनके राय, संतोष दास और धर्मेंद्र सिंह उपस्थित थे.
