घाटशिला : राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार बलमुचु ने 13 जून को भाजपा का सबका साथ-सबका विकास सम्मेलन का खर्च आइसीसी कंपनी की ओर से वहन करने पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि यह मामला मैं राज्यसभा में उठाउंगा. उन्होंने कहा कि भाजपा का सबका साथ-सबका विकास बेइमानी है. यह कार्यक्रम सरकारी नहीं है. केंद्र और राज्य सरकार शासित भाजपा का कार्यक्रम है. सबका साथ-सबका विकास व प्रधानमंत्री के तीन साल के कार्यकाल का प्रचार-प्रसार करना है,
तो अपने पार्टी फंड से कार्यक्रम करना चाहिए. एक तरफ मुसाबनी में आइआरएल कंपनी बंद हो गयी. 1500 मजदूर बेरोजगार हो गये. मजदूरों की रोजी-रोटी पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है. दूसरी तरफ सबका साथ-सबका विकास मोदी मेनीफेस्टो की बात की जा रही है. डॉ बलमुचु ने कहा कि इस कार्यक्रम में मऊभंडार की एचसीएल/आइसीसी कंपनी पानी की तरह पैसा बहा रही है.
यह पैसा मजदूरों के खून पसीने का है. आइसीसी कारखाना में काम करने वाले स्थायी और अस्थायी मजदूरों को जो सुविधा मिलनी चाहिए. वह सुविधा नहीं मिल रही है. इस मामले में वे कतई चुप नहीं बैठेंगे. राज्य सभा में इस मामले को रखेंगे. इस मौके पर तापस चटर्जी, काल्टू चक्रवर्ती समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
