घाटशिला : झारखंड पुलिस एसोसिएशन की पूर्वी सिंहभूम शाखा, जमशेदपुर का चुनाव 18 जून को होगा. इसे लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारी संपर्क अभियान में जुटे हैं. सोमवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने घाटशिला व्यवहार न्यायालय, मऊभंडार ओपी और घाटशिला थाना में अपने-अपने पक्ष में वोट डालने की अपील की. चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सअनि नारायण सिंह, उपाध्यक्ष पद पर सअनि अशोक कुमार राम, सचिव पद पर पुअनि अवधेश कुमार यादव, संयुक्त सचिव पद पर पुअनि अखिलेश चौबे और कोषाध्यक्ष पद पर सअनि संजीव कुमार शर्मा चुनाव मैदान हैं.
एसोसिएशन ने कहा कि सभी एसोसिएशन के पदाधिकारी पुलिस केंद्र में पदस्थापित रह कर समाज की सेवा करेंगे. एसोसिएशन कार्यालय में पदाधिकारी बैठेंगे, चिकित्सा की समुचित व्यवस्था करानी होगी, आम सदस्यों को प्रत्येक समस्या से वरीय पदाधिकारियों के पास सशक्त ढंग से प्रस्तुत कर निराकरण करना होगा, प्राथमिकता के आधार पर सीसीआर गाड़ी में कार्यरत पदाधिकारियों का 8 घंटा डयूटी कराने के लिए पहल की जायेगी, प्रत्येक माह कार्यकारिणी की बैठक और प्रत्येक तीन माह पर आम सभा कर समस्याओं को सुनना तथा आय- व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत करना होगा तथा सदस्यों के लिए सुलभ अवकाश की व्यवस्था जरूरी है. इन सभी मांगों को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारी चुनाव मैदान में हैं और अपने-अपने पक्ष में वोट डालने के लिए मतदाताओं से संपर्क साधने में जुटे हैं.
