दुमका. जिले में बुधवार की देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पहला हादसा गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर चुटोनाथ के समीप हुआ, जहां कार और ट्रक की जोरदार टक्कर में कार चालक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. वहीं, कार सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. दूसरा हादसा दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग (एनएच-114) पर हेरिटेज होटल के समीप हुआ, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी.
चुटोनाथ के पास कार-ट्रक में भीषण टक्कर
गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर चुटोनाथ गेट के समीप बुधवार देर रात कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और उसमें सवार दोनों युवक वाहन के अंदर फंस गये.
हादसे में कार चालक की पहचान रसिकपुर निवासी अभिजीत यादव (35) के रूप में हुई है. कार में उनके साथ गिरिडीह जिले के चतरो थाना क्षेत्र निवासी संदीप कुमार भी सवार थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये.
काफी मशक्कत के बाद कार से निकाले गये दोनों युवक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका ले जाया गया.
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद अभिजीत यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं, संदीप कुमार का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
ट्रक छोड़कर चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
एनएच-114 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला
दूसरी घटना दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग (एनएच-114) पर हेरिटेज होटल के समीप हुई. यहां पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बालीडीह निवासी रविंद्र मरांडी (28) बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रविंद्र की मौत हो गयी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
फुटबॉल चैंपियनशिप से जुड़े थे रविंद्र, खिलाड़ियों में शोक
रविंद्र मरांडी लाल बाबा हेंब्रम फुटबॉल चैंपियनशिप के आयोजन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे. बुधवार को पाकुड़िया की टीम भी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने दुमका पहुंची थी.
चैंपियनशिप से जुड़े युवक की सड़क हादसे में अचानक मौत की खबर से खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गयी. दोनों सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू कर दी है.
