अबुआ आवास में सुस्ती पर सख्ती, रानीश्वर में एक सप्ताह में काम पूरा करने का अल्टीमेटम

रानीश्वर प्रखंड में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें अबुआ आवास योजना पर विशेष जोर दिया गया. बीडीओ ने तृतीय किस्त प्राप्त कर चुके लाभुकों को एक सप्ताह के अंदर आवास निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया है. योजना में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

प्रतिनिधि, रानीश्वर. प्रखंड सभागार में बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में पंचायत सचिव, जेई और स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में आवास योजना, 15वीं वित्त आयोग और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की पंचायतवार प्रगति की समीक्षा की गयी. बीडीओ ने लंबित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया.

एक सप्ताह में अबुआ आवास पूरा करने का निर्देश

वित्तीय वर्ष 2023-24 के अबुआ आवास योजना के तहत तृतीय किस्त प्राप्त कर चुके लाभुकों को एक सप्ताह के अंदर आवास निर्माण का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया. कार्य पूरा नहीं करने वाले लाभुकों को नोटिस जारी करने की जिम्मेदारी पंचायत सचिवों को दी गयी.

वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 के अबुआ आवास निर्माण की भौतिक प्रगति का स्थल निरीक्षण कर जीपीएस फोटो और अद्यतन प्रतिवेदन दो दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश पंचायत सचिवों और स्वयंसेवकों को दिया गया.

पीएम जनमन और प्रधानमंत्री आवास की भी हुई समीक्षा

बैठक में पीएम जनमन आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की भी प्रगति की समीक्षा की गयी. अधिकारियों को निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया.

कम खर्च पर पाथरा व बांसकुली से स्पष्टीकरण

15वीं वित्त आयोग के तहत पंचायतों को प्राप्त अनुदान राशि के विरुद्ध आवद्ध मद में व्यय की भी समीक्षा की गयी. प्रखंड के औसत व्यय प्रतिशत से कम खर्च रहने पर पाथरा और बांसकुली पंचायत के पंचायत सचिव एवं मुखिया से स्पष्टीकरण मांगा गया. साथ ही एक सप्ताह के अंदर व्यय प्रतिशत में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया गया.

कन्यादान योजना के लिए योग्य लाभुकों का चयन

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की भी समीक्षा करते हुए बीडीओ ने योग्य लाभुकों का चयन कर उनके आवेदन पत्र प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >