झरिया: हजरत मोहम्मद पैगंबर साहब के जन्मदिन के मौके पर बुधवार को झरिया कोयलांचल की विभिन्न मस्जिदों और इमामबाड़ों से जुलूस निकाला गया. बैंड-बाजे और हुसैनी झंडों के साथ निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण कर वापस लौटा.
जुलूस के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों की ओर से व्यवस्था की गयी थी. इस दौरान इमामों को फूल-माला पहनाकर और पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया. वहीं जुलूस में शामिल लोगों के बीच जगह-जगह चाय, पानी, शरबत, फल, मीठा पुलाव, कोल्ड ड्रिंक और चिप्स का वितरण किया गया.
चौथाई कुल्ही के पास आकिब रजा, आमिर रजा, पप्पू खान और इमरान खान ने व्यवस्था संभाली. थाना मोड़ में मो. तबरेज, मो. शकील, एनामुल हक और इरफान खान चौधरी की ओर से स्वागत की व्यवस्था की गयी. लालटेन शाह बाबा मजार के पास सुल्तान शेख और साजिद शेख ने लोगों का स्वागत किया.
होरिलाडीह मोड़ पर सिकंदर पटाखा वाला, सिकंदर खान, जसीम जावेद, मो. निजाम और फैयाज खान तथा इनाकोठी के पास रुस्तम अंसारी, सोहराब अंसारी और सोनू अंसारी समेत अन्य लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए व्यवस्था की.
जुलूस को लेकर विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए झरिया इंस्पेक्टर शशि रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रही. विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
मौके पर शांति समिति के भगत सिंह, गणेश गुप्ता, अनूप साव, झुन्नू गुप्ता, अरविंदम बनर्जी, अभिषेक अग्रवाल, मनोज स्वर्णकार और अजय शास्त्री समेत अन्य लोग मौजूद थे. पूरे आयोजन के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहा.
