धनबाद से अरिंदम चक्रवर्ती की रिपोर्ट
Gangster Prince Khan, धनबाद : धनबाद के निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण के श्रेय लेने को लेकर वर्तमान भाजपा सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच छिड़ा वाक-युद्ध अभी थमा भी नहीं था कि इस पूरे मामले में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान की एंट्री हो गई है. दुबई में बैठकर धनबाद के कारोबारियों और राजनेताओं को डराने वाले गैंगस्टर प्रिंस खान ने शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे मासस (एमसीसी) नेता व विधायक अरूप चटर्जी को व्हाट्सएप वॉइस नोट और मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी है. प्रिंस खान ने अरूप चटर्जी को पैसे देने और मामला मैनेज करने के लिए सिर्फ 24 घंटे का वक्त दिया है. दहशत फैलाने के लिए धमकी भरे मैसेज के साथ ही अंधाधुंध गोली चलाते हुए एक वीडियो भी विधायक को भेजा गया है.
साउथ अफ्रीका के नंबर से आया व्हाट्सएप
विधायक अरूप चटर्जी के निजी मोबाइल नंबर पर शुक्रवार दोपहर ठीक 12 बजे +27 61 373 7683 नंबर से मैसेज और कॉल आया, जिसके नीचे ‘फोन नंबर फ्रॉम साउथ अफ्रीका’ (South Africa) लिखा हुआ था. व्हाट्सएप पर आए टेक्स्ट मैसेज की भाषा बेहद आक्रमक थी. मैसेज में लिखा था “सुन ले रे अरूप चटर्जी, मैं बोल रहा हूं प्रिंस खान दुबई से. हमको भी पैसा चाहिए नहीं तो दोबारा कॉल मैसेज नहीं करेंगे. 24 घंटा में रिजल्ट देंगे, और सुना कोयला का काम कैसे चल रहा है. रिप्लाई देगा या गोली खाएगा?”
Also Read: खंडहर स्कूल भवन में गुजर रही जिंदगी, गुमला में डेढ़ साल से जीवन दांव पर लगा जी रहा परिवार
वॉइस मैसेज में खुली चुनौती
टेक्स्ट मैसेज के साथ ही गैंगस्टर ने अरूप चटर्जी को एक वॉइस नोट (Voice Note) भी भेजा है, जिसमें वह पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती देता सुनाई दे रहा है. वॉइस मैसेज में प्रिंस खान कह रहा है “प्रशासन को बोल दो, नंबर बंद कर दो या ब्लॉक कर दो. नंबर बंद या ब्लॉक करने से तुम तो बचेगा नहीं. क्लियर बोल देना कि देना है या नहीं देना है. मारेंगे तो हम ही. क्लियर बोल देना, देना है कि नहीं देना है. नहीं देना है तो क्लियर बोल देना. दोबारा फोन मैसेज नहीं करेंगे. सीधा रिजल्ट देंगे. मैनेज करो, बात करो, कम-बेसी करके मैनेज करो और बात खत्म करो.”
पुलिस महकमा अलर्ट
फ्लाईओवर निर्माण के विवाद के बीच सीधे विधायक स्तर के राजनेता को सरेआम 24 घंटे में रंगदारी देने या ‘गोली खाने’ की धमकी मिलने के बाद निरसा और पूरे धनबाद कोयलांचल के राजनीतिक और व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया है. विदेशी नंबर से आए इस धमकी भरे कॉल, रंगदारी के मैसेज और फायरिंग के वीडियो को लेकर विधायक अरूप चटर्जी की ओर से पुलिस को सूचित किया जा रहा है. धनबाद पुलिस की टेक्निकल सेल और वरीय अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए नंबर की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर आ गए हैं.
Also Read: 31 जुलाई से शुरू होगा राजकीय श्रावणी मेला, स्पर्श पूजा पर 28 अगस्त तक रहेगी रोक
