प्रतीक पोपट
Dhanbad: निरसा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है. पुलिस के अनुसार गिरोह निरसा और जामताड़ा थाना क्षेत्र से बाइक चोरी कर उन्हें बेचने का काम करता था. पुलिस को 21 फरवरी 2026 को दोपहर करीब दो बजे गुढ़वा गांव के ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए अनवर अंसारी उर्फ टीया और हबीब अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान दोनों ने बाइक चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की.
इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से चोरी की पांच मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की. पुलिस ने चोरी की बाइक रखने के आरोप में वजीर अंसारी और बिटु कुमार को भी गिरफ्तार किया है. बरामद वाहनों में कई मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट की हैं, जिनके इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वाहन चोरी के बाद पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी.
और भी अपराधियों की तलाश में पुलिस
पुलिस ने बताया कि इस मामले में निरसा थाना कांड संख्या 78/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा जामताड़ा थाना कांड संख्या 21/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत भी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार इस गिरोह के तार आसपास के जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें…
बैलेट बॉक्स लेकर बूथों पर रवाना हुए पोलिंग एजेंट, वोटरों से बिना किसी भय के वोट देने की अपील
Deoghar: कुमैठा डिस्पैच सेंटर से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां, सोमवार को मतदान
