देवघर. देवघर विधानसभा के पूर्व विधायक कामेश्वर नाथ दास के निधन पर सोमवार को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया. सांसद डॉ निशिकांत दुबे और पूर्व विधायक नारायण दास उनके आवास पर पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. दोनों ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि कामेश्वर नाथ दास का निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य किया. वहीं, पूर्व विधायक नारायण दास ने कहा कि कामेश्वर नाथ दास के निधन से देवघर ने एक अनुभवी और समर्पित जनप्रतिनिधि खो दिया है. उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होगी.
कांग्रेस नेताओं ने भी जताया गहरा शोक
झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, देवघर जिला इंटक अध्यक्ष अनंत मिश्रा और देवघर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमिला देवी ने पूर्व विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. नेताओं ने कहा कि उनके निधन से देवघर ने एक अनुभवी, जनप्रिय, समर्पित जनप्रतिनिधि और जुझारू व्यक्तित्व खो दिया है. उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की.
