सोनारायठाढ़ी (देवघर): थाना क्षेत्र की कुसुमथर पंचायत के खिजुरिया गांव में शनिवार सुबह कुछ लोगों पर जसिम अंसारी का मिट्टी व खपड़ेल का घर उजाड़ने और विरोध करने गयी उनकी पत्नी सहेला प्रवीण के साथ मारपीट कर घायल करने का आरोप लगा है. घायल सहेला प्रवीण का इलाज सदर अस्पताल देवघर में चल रहा है.
जसिम अंसारी ने बताया कि गांव के कुछ लोग उनके घर को तोड़कर मस्जिद में मिलाने की बात कह रहे थे. उन्होंने बताया कि वे सात भाई हैं और इस संबंध में सभी भाइयों से आपस में बातचीत कर जवाब देने की बात कही थी. आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित लोगों ने जल्द जवाब देने, अन्यथा घर को तोड़कर चकनाचूर करने की धमकी दी. मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका.
ये भी पढ़ें- JPSC परीक्षा अनियमितताः 3 सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ करेगी CID
जेसीबी मशीन बुलाकर गिरा दिया घर- पीड़ित
जसिम अंसारी ने आरोप लगाया कि शनिवार को सकिल अंसारी, निजाम अंसारी, जाकिर अंसारी, कलीम अंसारी, वाहिद अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी, सदाम अंसारी, खुर्शीद अंसारी, शमसेर अंसारी और शाहबाद अंसारी जबरन उनके घर में घुस गये. आरोप है कि घर में रखा करीब तीन लाख रुपये का सामान भी ले लिया गया. इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर घर को गिरा दिया गया.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि संबंधित लोगों ने पुलिस की बात भी नहीं मानी. इसी दौरान उनकी पत्नी सहेला प्रवीण के साथ मारपीट की गयी, जिससे वह घायल हो गयीं. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
थाना में लिखित शिकायत दर्ज
मामले को लेकर जसिम अंसारी ने उपरोक्त लोगों के खिलाफ पुलिस प्रशासन को लिखित आवेदन दिया है. इस संबंध में थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी ने बताया कि मामले में थाना कांड संख्या 47/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- सारठ सीएचसी में अब ड्रेस कोड में दिखेंगे डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी
