मधुपुर. विधानसभा क्षेत्र में 11 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत सात महत्वपूर्ण पथों के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया. इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शब्बीर हसन ने फौजी मोड़ स्थित शिलापट्ट का अनावरण किया.
आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम
इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को बेहतर, सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण कदम है. चुनाव के दौरान ग्रामीणों से किये गये वादे को पूरा किया जा रहा है, ताकि आवागमन में ग्रामीणों की परेशानी दूर हो सके.
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में और भी सड़कों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण कराया जायेगा. क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है.
सात महत्वपूर्ण पथों का होगा सुदृढ़ीकरण
योजना के तहत फौजी मोड़ में पटवाबाद मुख्य सड़क से करीकादो तक पांच किमी पथ का सुदृढ़ीकरण किया जायेगा. वहीं पीडब्ल्यूडी सड़क से मीना बाजार भाया टिटहियाटांड़ तक पथ का सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जायेगा.
लालगढ़ से देन तक 1.52 किमी, मारनी मोड़ में कानो मदरसा मोड़ से धावाटांड़ तक 1.260 किमी तथा मदनकट्टा से बुड़ीकुरा मोड़ तक पांच किमी पथ का सुदृढ़ीकरण किया जायेगा.
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी पथ करौं से चोरबदिया तक 2.18 किमी तथा तारापुर मोड़ से दुमरबाद सीमा भाया जौत नीच टोला तक दो किमी पथ का सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जायेगा.
समारोह में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य फारूक अंसारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी, दिनेश्वर किस्कू, प्रकाश मंडल, अबूतालिब अंसारी, गुलाम अशरफ, पवन यादव, रौशन झा, नेमूल रबीउल्लाह, करौं जिला परिषद सदस्य ललन सिंह, भागीरथ गोस्वामी, मुन्ना रवानी, प्रहलाद दास, मिट्ठू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
