देवघर : सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएमश्री विद्यालयों में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चित्रांकन व वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी. इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद(जेइपीसी) ने सभी संबंधित अधिकारियों व पीएमश्री विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किया है. प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को भारत के विकास, सेवा कार्यों व विकसित भारत की परिकल्पना पर अपने विचार व रचनात्मकता व्यक्त करने का अवसर देना है.
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ थीम पर होगी प्रतियोगिता
केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देश के अनुसार प्रतियोगिताओं का आयोजन ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ थीम पर किया जायेगा. चित्रांकन व वाद-विवाद के विषय पिछले 25 वर्षों में देश में किये गये विभिन्न सेवा व विकासात्मक प्रयास तथा ‘विकसित भारत’ की दृष्टि पर आधारित होंगे. विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनकी इंट्री को उपयुक्त स्थान पर प्रदर्शित किया जायेगा. उत्कृष्ट चित्रांकन और वाद-विवाद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जायेगा.
समन्वय के लिए नोडल शिक्षक का होगा चयन
विद्यालय स्तर की गतिविधियों के समन्वय के लिए नोडल शिक्षक का चयन किया जायेगा. विद्यालय प्रदर्शनी का रील या वीडियो तैयार कर जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजेंगे. चयनित प्रविष्टियों की जिला स्तरीय प्रदर्शनी के बाद राज्य स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित की जायेगी.
