पंचायत चुनाव की आहट! देवघर में 2458 बूथों की खुलेगी ‘कुंडली’

2027 के पंचायत चुनावों की तैयारी तेज. देवघर में 2458 मतदान केंद्रों की वर्तमान स्थिति का सर्वे जारी. जानिये पूरी रिपोर्ट.

देवघर. वर्ष 2027 में अप्रैल-मई के बीच संभावित पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोग ने देवघर जिले के सभी 2458 प्रस्तावित मतदान केंद्रों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत सूची मांगी है. हर वार्ड में मतदान केंद्र स्थापित किया जाना है. आयोग के निर्देश के बाद जिला पंचायती राज कार्यालय ने सभी प्रखंडों में मतदान केंद्रों का सर्वे शुरू करा दिया है.

प्रखंडों से जुटायी जा रही मतदान केंद्रों की रिपोर्ट

प्रखंड स्तर पर मतदान केंद्रों का सर्वे कर रिपोर्ट जिला मुख्यालय में जमा करायी जा रही है. सर्वे के दौरान मतदान केंद्र के रूप में इस्तेमाल होने वाले भवन की स्थिति की जानकारी जुटायी जा रही है. भवन सुरक्षित है या जर्जर, मतदान कराने के लिए पर्याप्त जगह है या नहीं और वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है.

जर्जर भवनों की अलग से तैयार हो रही सूची

सर्वे के दौरान जर्जर भवनों को अलग से चिह्नित किया जा रहा है. ऐसे भवनों की सूची तैयार कर जिला स्तर पर संकलित की जायेगी. सभी प्रखंडों से रिपोर्ट मिलने के बाद इसे राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जायेगा. आयोग इसी रिपोर्ट के आधार पर मतदान केंद्रों की व्यवस्था को अंतिम रूप देगा.

वार्डवार मतदाताओं की संख्या का भी रखा जायेगा ध्यान

इस बार मतदान केंद्रों के निर्धारण में वार्डवार मतदाताओं की संख्या को भी ध्यान में रखा जाना है. मतदाताओं की संख्या के अनुसार मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था करने की तैयारी है. इससे मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा.

194 पंचायतों समेत 2458 वार्डों में होगा चुनाव

देवघर जिले में कुल 194 पंचायत, 25 जिला परिषद क्षेत्र, 325 पंचायत समिति सदस्य और 2458 वार्ड सदस्य पदों के लिए चुनाव कराया जाना है. संभावित चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं.

चार रंगों के मतपत्र से हो सकता है पंचायत चुनाव

पंचायत चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराने की तैयारी है. इसके लिए अलग-अलग पदों के लिए चार रंगों के मतपत्र इस्तेमाल किये जाने का प्रस्ताव है. वार्ड सदस्य के लिए सफेद, मुखिया के लिए गुलाबी, पंचायत समिति सदस्य के लिए हल्का हरा और जिला परिषद सदस्य के लिए हल्का पीला मतपत्र निर्धारित किया जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amarnath poddar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >